शराब के नशे में धुत पति ने शिक्षामित्र पत्नी पर प्राणघातक हमला कर फायर झोंक दिया। जिसमें वह बालबाल बच गई। पत्नी ने शनिवार को पति के खिलाफ बिवांर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बांदा जिले के जमालपुर थानाक्षेत्र के कलक्टरपुरवा निवासी बिवांर थानाक्षेत्र के लदार गांव निवासी शिक्षामित्र तारावती पुत्री शिवकरन यादव ने शनिवार को बिवांर थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका पति चंद्रभान पुत्र अर्जुन सिंह यादव शराब पीने का आदी है। और आएदिन गलत आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट करता है।
साथ ही बच्चों व परिजनों से भी बदसलूकी करता है। बताया कि शुक्रवार की रात करीब 11 बजे पति नशे में आया और उसके व उसकी जेठानी लीलावती के साथ अभद्रता कर जानमाल की धमकी देने लगा।
विरोध करने पर पति ने उसे जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर झोंक दिया। जिसमे वह लडख़ड़ाकर जमीन में गिर गई और बाल बाल बच गई। फायर की आवाज सुनकर बचाने दौड़ी जेठानी को उसके पति ने बाल पकड़कर मारापीटा।
पीड़िता ने मौका पाकर यूपी 100 को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके भतीजे अनिल पुत्र हरनाम की मदद से पति को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया। पत्नी ने बताया कि उसका पति धारा 307 के मुकदमें में आठ माह बाद जेल से छूटकर आया है।
पीड़िता ने थाने में पति के खिलाफ धारा 307, 323, 504, 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।