हरदोई। बीएसए दफ्तर में शुक्रवार को जूतम पैजार करने वाले दोनों बीईओ को शनिवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों बीईओ फिर बीएसए दफ्तर के पास झगड़ा कर रहे थे। उन्हें नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया। जहां जमानत अर्जी खारिज होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। उधर कार्यालय में हुई जूतम पैजार के मामले में बीएसए ने दोनो के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार को बीएसए हेमंत राव ने कार्यालय में परिषदीय विद्यालयों की नामांकन प्रक्रिया को लेकर बैठक की थी। इस दौरान मल्लावां के बीईओ सुशील कनौजिया और बिलग्राम के बीईओ राकेश पांडेय के बीच जवाब देने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों में मारपीट और जूतम पैजार होने का वीडियो भी वायरल हो गया था। बीएसए हेमंत राव ने दोनों बीईओ को नोटिस जारी कर अनुशासनहीनता पर जवाब-तलब किया था। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि बीईओ सुशील कनौजिया और राकेश पांडेय बीएसए कार्यालय के निकट फिर भिड़ गए हैं। इस पर कोतवाली के एसआई अशोक कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। दोनों बीईओ को हिरासत में ले लिया गया। शांतिभंग की आशंका में चालान कर दोनों को नगर मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार के न्यायालय में पेश किया। यहां नगर मजिस्ट्रेट ने दोनों की जमानत अर्जी खारिज कर जेल भेजने का आदेश दिया। दोनों बीईओ को जेल भेज दिया गया है। बीएसए हेमंत राव ने भी दोनों के विरुद्ध शहर कोतवाली में मारपीट और उपद्रव करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डीएम बेहद नाराज
जिला प्रशासन से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि पूरे प्रकरण से जिलाधिकारी पुलकित खरे बेहद नाराज हैं। शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों के बीच जूतम पैजार होने की बात उन्हें खासी नागवार गुजरी है। डीएम की नाराजगी का काफी असर शनिवार को हुई कार्रवाई से दिख गया।
मुलाहिजा बैरक में रखे गए बीईओ
हरदोई। दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों को जिला कारागार की मुलाहिजा बैरक में रखा गया है। बैरक नंबर 15 में उन्हें आम कैदियों की तरह रखा गया है। जेलर मृत्युंजय पांडे ने बताया कि दोपहर बाद मल्लावां बीईओ सुशील कनौजिया और बिलग्राम बीईओ राकेश पांडे को पुलिस अभिरक्षा में जेल लाया गया।