हमीरपुर। डेढ़ वर्ष पूर्व युवती का अपहरण के बाद आरोपी ने दबाव बनाकर उसका बयान अपने पक्ष में करवा लिया। इसके बाद दोनों एक साथ घर में रहने लगे, मगर युवती को उसके परिजनों से मिलने नहीं दिया गया।
अपहरण के करीब साढ़े तीन माह बाद युवती के परिजनों को सूचना मिली कि उसकी पुत्री की हत्या कर शव जला दिया गया है। इसकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो युवती के परिजनों ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट ने कुरारा एसओ को मुकदमा दर्ज कर विवेचना के निर्देश दिए हैं।
मौदहा निवासी नत्थू ने बताया उसकी पुत्री रेखा का सात अप्रैल 2017 को कुरारा के डामर निवासी गोधन, बरातीलाल, कल्लू व गोधन के बहनोई राजू ने अपहरण कर लिया था। जिसका मुकदमा जालौन जिले के कदौरा थाने में दर्ज है।
उन्होंने बताया गोधन ने दबाव बनाकर रेखा से अपने पक्ष में बयान दिला लिया और नाजायज तरीके से उसे अपने घर में रख लिया। जबकि गोधन पहले से शादीशुदा है। इसके बाद वह कई बार बेटी रेखा को लेने गया, मगर उसे मिलने नहीं दिया गया। कुछ दिन बाद रेखा ने चुपके से मोबाइल पर उत्पीड़न की जानकारी दी व जान का खतरा बताया।
इसकी सूचना थाने में दी, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 13 जुलाई को डामर निवासी वीरसिंह ने बताया कि उसकी पुत्री को गोधन, रंजीत आदि ने मार डाला है। इसके बाद भी पुलिस के कार्रवाई न करने पर उसने अदालत की शरण ली। इस पर अदालत ने कुरारा एसओ को मुकदमा दर्ज कर विवेचना के निर्देश दिए हैं।
कुरारा पुलिस को अदालत ने दिए निर्देश, युवती का अपहरण कर हत्या का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो