हमीरपुर। शराब पीकर सवारियों की जान जोखिम में डालने वाले संविदा चालक की सेवा समाप्त कर दी गई है। यात्री की शिकायत पर मामले की जांच में आरोप सिद्ध होने पर अधिकारियाें ने यह कार्रवाई की है।
शराब पीकर रोडवेज बस चलाकर पडरौना ले जाने की शिकायत एक यात्री ने अधिकारियों से की थी। इस बारे में एआरएम सुहेल अहमद ने बताया 15 सितंबर को संविदा चालक अनूप कुमार परिचालक के साथ मुख्यालय से यात्रियों को लेकर पडरौना जा रहा था।
तभी घाटमपुर के पास से किसी यात्री ने स्टेशन इंचार्ज एचएन दुबे को फोन पर जानकारी दी कि चालक शराब पीकर बस चला रहा है। जिससे दुर्घटना होने की संभावना है। इस पर स्टेशन इंचार्ज ने एआरएम को घटना से अवगत कराया।
एआरएम ने बताया कि बस में मौजूद एक यात्री ने बस को चलाकर कानपुर के झकरकटी बसस्टैंड तक पहुंचाया। इसी बीच मुख्यालय से दूसरे चालक रामकिरन यादव को कानपुर भेजा गया जो बस को पड़रौना लेकर गया।
बताया बस के परिचालक श्यामकुंवर ने भी चालक के शराब पीने की पुष्टि की है। इसके बाद लापरवाही बरतने पर चालक की संविदा समाप्त कर दी गई है।
सवारियां लेकर पडरौना जा रहा था, यात्री ने की थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो