बंटवारे के लिए वृद्ध को भतीजों ने मारी गोली
सरीला। जलालपुर थानाक्षेत्र के पीरीडेरा गांव निवासी 70 वर्षीय वृद्ध ने बंटवारे को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में अपने ही भतीजों पर फायर झोंकने का आरोप लगाया है। गोली उसके जांघ को छेदकर निकलने के बाद चारपाई पर बरामद हुई है। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया है। डाक्टरों की नजर में मामला संदिग्ध होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
पुरैनी गांव के पास पीरी डेरा निवासी मथुरा प्रसाद राजपूत (70) शुक्रवार को अपने खेत में बने घर में लेटा था। पत्नी ब्रह्मारानी भी वहीं थी। मथुरा प्रसाद ने बताया कि रात के करीब दो बजे अचानक उस पर किसी ने फायर झोंक दिया। गोली उसकी जांघ को पार करते हुए निकल गई, जो बाद में चारपाई पर पड़ी मिली। उसने बताया कि उसके कोई पुत्र नहीं है। इसलिए वह अपने दामाद कालीचरण व बेटी कूपरी को अपने साथ गांव में रखे है। उसका आरोप है कि उसके भतीजे बंटवारे को लेकर रंजिश मानते हैं। दोनों भतीजों मिलन व नरेश ने उस पर हमला किया है।
भागते समय उसने पहचान भी लिया है। सूचना पर पहुंची यूपी 100 टीम ने उसे कस्बे के सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी प्रभारी डॉ. अजय कुमार चौरसिया ने बताया कि गोली का जांघ से निकल जाना संदिग्ध लग रहा है। इसलिए उसे परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। थानाध्यक्ष सीएल चौधरी ने बताया कि सूचना मिली है लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं आई है।
-चिकित्सक ने मामला संदिग्ध बता कर दिया रेफर