राठ। जीवन भर साथ जीने मरने की कसमों का झांसा देकर युवक ने युवती के साथ एक मंदिर में चोरी छिपे शादी रचा अपने रिश्तेदार के घर पर रखकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने समाज के सामने शादी करने के लिए कहा तो दिल्ली चलने की बात कहकर उसे रोडवेज बस स्टैंड पर ही छोड़कर भाग गया। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
चिकासी थाने के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि पिछले दो फरवरी को महोबा जनपद के एक गांव का एक युवक उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसने साथ जीने मरने की कसमें खाकर उससे एक मंदिर में प्रेम विवाह किया। आरोप लगाया कि युवक अपने एक रिश्तेदार के घर उसे ले गया और उसका शारीरिक शोषण किया। जब उसने समाज के समक्ष शादी कर अपनाने को कहा तो आरोपी ने कुछ दिन बाद शादी कर पत्नी का दर्जा देने की बात कही। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी के झांसे में आ गई। छह मार्च को दिल्ली जाने की बात कहकर आरोपी ने अपने जीजा के साथ उसे राठ डिपो बस स्टैंड में छोड़ दिया और भाग गया। वह कई घंटे तक बस स्टाप पर आरोपी का इंतजार करती रही लेकिन कोई नहीं आया तो उसने अपने मामा को फोन कर बुलाया। पीड़िता ने फोन कर उसे छोड़कर जाने का कारण पूछा तो आरोपी ने समाज के सामने शादी करने से इनकार कर दिया। कोतवाल मनोज कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
शादी का झांसा देकर युवक ने युवती का किया शारीरिक शोषण
तीन दिन पूर्व दिल्ली ले जाने के बहाने बस स्टैंड पर पीड़िता को छोड़ा