बैरिया/दयाछपरा (बलिया)। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शनिवार को दयाछपरा गांव में अवैध शराब कारोबारियों के यहां पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान 170 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई और ढाई हजार लीटर लहन नष्ट करते हुए 10 भट्ठियां ध्वस्त की गईं। पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में टुनटुन गोंड पियरौंटा, विशाल राम बैरिया, शिवजी गोंड बादिलपुर, संतोष शर्मा दिघार, सुभाष बिंद बिंद के टोला, प्रेमशंकर पासवान भलुही (सुखपुरा) व मनोज पासवान दयाछपरा शामिल हैं। छापेमारी करने वाली पुलिस टीम में बैरिया, हल्दी, दोकटी आदि थानों की पुलिस रही।