अमर उजाला ब्यूरो
बिवांर (हमीरपुर)। कस्बे वापस आ रहे पिता-पुत्र पर एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंक दिया। दोनों ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बा निवासी सोनू विश्वकर्मा पुत्र रघुनाथ ने दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह पिता के साथ हमीरपुर से मौदहा होते हुए कार से लौट रहा था।रात करीब 7:30 बजे कस्बे से कुछ दूर पहले ही उसके पिता लघुशंका के लिए उतरे। पीछे कस्बा निवासी रामानंद पांडेय पुत्र रामसनेही पांडेय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पिता पर फायर कर दिया। उन्होंने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई।
सात सितंबर को भी आरोपी ने अवैध डीजल रैकेट के बाबत कार्रवाई बंद करने की धमकी दी थी। पुलिस ने धारा 506 के तहत मुकदमा भी दर्ज किया था। 21 जुलाई को उपजिलाधिकारी मौदहा एसके मिश्र ने छापामार कस्बे में अवैध डीजल बनाने के रैकेट को पकड़ा था। जिसमें सोनू विश्वकर्मा के पिता रघुनाथ सहित अन्य छह आरोपी बनाए गए थे। लेकिन सभी आरोपी खुद को निर्दोष बताते हुए अधिकारियों से मिलकर कानूनी कार्यवाही करने में जुटे हुए हैं। इसमें रामानंद का नाम मुख्य आरोपी के रूप से आ रहा है। पुलिस ने मामले को संजीदगी से लेते हुए रामानंद के खिलाफ प्राण घातक हमला करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्जकर किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं आरोपी की लाइसेंसी बंदूक भी थाने में जमा करा ली है। वहीं आरोपी रामानंद व उसके परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसे झूठा ही फंसाया गया है।
-पुलिस ने मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी को बंदूक के साथ पकड़ा