घर के बाहर टहल रहे अधेड़ पर किया फायर
राठ। रविवार रात घर के बाहर टहल रहे एक अधेड़ को दो युवकों ने लाठी-डंडों से पीट दिया और उस पर फायर झोंक दिया। गोली उसके बगल से निकल गई। अधेड़ के एक परिचित ने एसपी को फोन पर घटना की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोली मारने की झूठी अफवाह बताई। पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी।
कस्बे के नईबस्ती फरसौलियाना मोहल्ला निवासी हसन (45) पुत्र मुन्ना खां कोतवाली के सामने चाय की दुकान किए है। हसन ने बताया कि रविवार की रात करीब 12 बजे लाइट चली गई। इस पर वह अपने घर के बाहर टहलने लगे। इसी दौरान के पड़ोसी वसीम पुत्र शरीफ और कलीम पुत्र कइयन आए तो उसने पूछा इतनी रात में क्या कर रहे हो। इस पर दोनों युवकों ने उसे लाठी-डंडे से पीटा और फायर झोंक दिया।
इसमें वह बाल-बाल बच गया। हसन के किसी परिचित ने एसपी को फोन पर गोली मारने की जानकारी दे दी। इस पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच गोली चलने की बात को फर्जी पाया। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि अधेड़ के पैर में मामूली चोटें आईं हैं। उसका डाक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है।
- घायल के परिचित ने एसपी को दी घटना की सूचना
अमर उजाला ब्यूरो