अमर उजाला ब्यूरो
राठ (हमीरपुर)। औंता गांव में बुधवार की दोपहर आग से झुलसने से हुई महिला की मौत के मामले में पिता ने ससुरालीजनों के विरुद्ध मारपीट कर हत्या करने की तहरीर दी है।
कोतवाली के धनौरी गांव निवासी दलसिंह पुत्र हरप्रसाद ने बताया कि पुत्री सुखवती की शादी चार साल पहले औंता गांव निवासी लाखन पुत्र बिहारी के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति, चचिया ससुर कृपाल, देवरानी मंजू, देवर रतन, सास प्रकाशरानी, ननद ममता, नंदोई हरीदास, ससुर बिहारी शादी में दहेज कम मिलने पर ताना देने लगे थे। ससुरालीजन दहेज में बाइक और भैंस की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी न होने पर पुत्री के साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया जाता था। चचिया ससुर कृपाल ने एक दिन बुरी नीयत से छेड़खानी की थी। मृतका के 6 वर्षीय पुत्र कृष्ण है। बुधवार को ससुरालीजनों ने बेटी पर केरोसिन उड़ेल दिया। पति लाखन ने आग लगा दी। कोतवाली इंचार्ज गोपाल अवस्थी ने बताया कि जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ससुरालियों के खिलाफ हत्या करने की तहरीर
दहेज की मांग पूरी न होने पर मार डालने का लगाया आरोप