मौदहा (हमीरपुर)। भाई के साथ मायके जा रही वृद्धा को रिश्तेदार बताकर युवक ने 1209 रुपये की टप्पेबाजी कर ली। लेकिन मौजूद लोगों को शक होने पर युवक को पकड़ लिया और रुपये वापस कराने के बाद पुलिस के हवाले किया।
सिसोलर थानाक्षेत्र के चांदीकला निवासी वृद्ध रामऔतार (80) अपनी बहन रुक्मिन (75) पत्नी स्व. पुसुवा निवासी सिचौलीपुरवा को लिवाने आए थे। बहन को लेकर जाते समय सरकारी अस्पताल के पास शमशेर उर्फ पप्पू निवासी फत्तूबाबा मिला और बोला शायद आप लोगों ने मुझे पहचाना नहीं। मैं रुक्मिन का बहनोई लगता हूं। बाइक में तेल डलवाने के लिए फुटकर पैसे नहीं हैं। फुटकर पैसे दे दें। इस पर वृद्ध भाई-बहन ने करीब 1200 रुपये टप्पेबाज को दे दिए।
लेकिन समीप बैठे लोगों ने टप्पेबाज पर शक जताते हुए पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी और पूछताछ में जैसे ही उसने अपना नाम शमशेर बताया तो लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। भाई-बहन के रुपये वापस करवा दिए। वृद्धा रुक्मिन ने बताया आरोपी बहनोई बता रहा था। मगर कम दिखने के कारण पहचान नहीं सके। इसलिए उसकी बातों में आ गए। उसने कहा था सभी नोट दो हजार के थे। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने टप्पेबाजी शुरू कर दी है।