भरुआसुमेरपुर। कस्बे के सबसे व्यस्त नेहा चौराहे पर हाईवे किनारे खुली फुटकर गल्ले की दुकान से बाइक सवार टप्पेबाज रुपये से भरी गुल्लक उठाकर भाग निकले। दुकानदार शोर मचाते हुए हाईवे पर पीछे दौड़ता रहा। लेकिन टप्पेबाजों को नहीं पकड़ सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साप्ताहिक बाजार होने पर बुधवार को करीब तीन बजे नेहा चौराहा के समीप रामेश्वर पांडेय व संतोष यादव की फुटकर गल्ले की दुकान पर दो बाइक सवार पहुंचे। उस समय दुकान में मौजूद संतोष यादव किसी ग्राहक की गल्ले से भरी बोरी को आटो में रखवा रहे थे। मौका देख बाइक से एक टप्पेबाज उतरा और गुल्लक उठाकर रफूचक्कर हो गया। भागते समय दुकानदार की नजर टप्पेबाजों पर पड़ी। तब उसने शोर मचाया और हाईवे पर दौड़ते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन असफल रहा और बाइक सवार टप्पेबाज गुल्लक सहित बाजार की तरफ भाग निकले।
दुकानदार संतोष यादव ने बताया दोनों काले रंग की पल्सर बाइक से आए थे। जिस युवक ने दुकान से गुल्लक उठाई है। वह काले रंग की शर्ट पहने था और एक कान में बाली पहन रखी है। घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है। दुकानदार ने बताया गुल्लक में 70 हजार से ज्यादा की नगदी के साथ हिसाब किताब के कागजात रखे थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना से नेहा चौराहे के दुकानदार सहम गए हैं। दुकानदारों का आरोप है कस्बे में टप्पेबाजी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। मगर पुलिस ने किसी भी घटना को गंभीरता के साथ नहीं लिया है। यही कारण है कि टप्पेबाजों के हौसले बुलंद है। थानाध्यक्ष वीपी सिंह बताया टप्पेबाजों की तलाश जारी है।