मौदहा। परछछ गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक घर में घुसकर वहां रखे बक्सों के ताले तोड़ सोलह लाख से अधिक के जेवर व 2.83 लाख रुपये पार कर दिए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने इस घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। परछछ निवासी देवेश नारायण गुप्ता ने बताया मंगलवार रात खाना खाकर परिवार सहित सो गए।
रात में चोर उनके घर में घुसकर कमरे का ताला तोड़ अंदर पहुंच गए और वहां रखे बक्सों के ताले तोड़ उनमें रखे सोलह लाख रुपये की कीमत से अधिक के जेवर व दो लाख पचासी हजार नगदी चोरी कर ले गए। सुबह नींद खुलने पर घरवालों ने कमरे का ताला टूटा व कमरे में बिखरा सामान देखने पर घटना की जानकारी हुई। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर कोतवाली में सौंपकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की है। फिलहाल यह घटना पुलिस के गले के नीचे नहीं उतर रही है। (संवाद)