हमीरपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर दो ट्रकों की भिड़ंत से लगे जाम का असर यमुना और बेतवा पुल पर भी दिखा। दो घंटे से ज्यादा समय तक लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
देर रात ढाई बजे कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के अमौली गांव के पास दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। दोनों ट्रकों में आग लग गई, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहन का जाम लग गया। फायरब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस सुबह करीब पांच बजे हाईवे के बीचोंबीच खड़े ट्रकों को हटवाकर जाम खुलवा सकी। इस बीच वाहनों को एक साइड से निकाला जाने लग्रा लेकिन काफी वाहनों के एकत्र हो जाने से यातायात रेंगते रहा।
इसका असर जिला मुख्यालय में भी देखने को मिला। शहर के अंदर करीब दो घंटे से अधिक समय तक यमुना पुल व बेतवा पुल के दोनों तरफ वाहन फंसे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैफिक पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों को आगे बढ़वाकर जाम खुलवाया।