राठ पुलिस की गिरफ्त में टप्पेबाज गिरोह का सरगना व सदस्य
- फोटो : HAMIRPUR
राठ । किराना व्यापारी का बैग काट कर एक लाख रुपये पार करने में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 30 हजार रुपये व कार बरामद की है।
सिकंदरपुरा निवासी किराना व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता 29 जून दोपहर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में दो लाख रुपये जमा करने गए थे। कैश काउंटर की लाइन में लगे थे। तभी उनका बैग काट कर एक लाख रुपये निकाल लिए गए थे। शाखा प्रबंधक सुनील कुमार ने सीसीटीवी फुटेज निकाल कर देखा तो दो युवक रुपये लेकर भागते दिख रहे थे। पुलिस को रविवार को टप्पेबाजों के सराफा बाजार में घूमने की सूचना मिली।
कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ पहुंच झांसी के थाना एरच के डूडी गांव निवासी मौसम बहेलिया व चिन्हारी (12) को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कार में सवार गिरोह के सरगना उरई के सरसौखी निवासी दीपू नागर, एरच के डूडी निवासी किस्मत बहेलिया व सुनीता को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल दिनेश सिंह ने बताया कि चूड़ी बेचने के बहाने वारदात करते थे। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि चूड़ी बेचने के बहाने यह लोग घटना को अंजाम देते हैं। सभी को जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।