बेरी स्थित मौरंग खंड में नापजोख करते खनिज सर्वेक्षक वेद प्रकाश शुक्ला टीम के साथ।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। बेतवा नदी पर बेरी गांव के निकट अवैध मौरंग खनन पर पट्टाधारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। छापे के दौरान नदी की जलधारा में दो पुल बनाकर अवैध खनन करने का खुलासा हुआ था। अवैध रूप से बनाए गए दोनों पुलों को तोड़ दिया गया है।
मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजय मीणा ने बेतवा नदी पर बेरी के खंड संख्या 10/22 में छापा मारा था। अन्नपूर्णा उद्योग के संचालक नदी की जलधारा में दो अवैध पुल बनाकर खनन करते मिले थे। इन पुलों से ट्रकों को पौथिया गांव की ओर से निकाला जा रहा था। पुलों की लंबाई 70 से 80 मीटर थी। इन्हें मशीनों से तुड़वाया था।
खनिज विभाग के सर्वेक्षक वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि इस खंड संचालक के पार्टनर नौबस्ता कानपुर निवासी मिथलेश गुप्ता खाली पड़े 10-21 खंड में अवैध रूप से मौरंग खनन करते मिले। पट्टाधारक के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत थाना कुरारा में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जांच के दौरान खनिज इंस्पेक्टर पीएस परशुराम रामबरन व बेरी चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार तिवारी मौजूद रहे।