शहर के रोडवेज डिपो में बस पर संदिग्ध व्यक्ति का पोस्टर लगाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। विवेक नगर से कलक्ट्रेट के कर्मचारी के बेटे का अपहरण करने वाले बदमाशों को पुलिस 48 घंटे बाद भी नहीं खोज पाई है। पुलिस ने अपहरण में संदिग्ध के पोस्टर जारी किए हैं। लोगों से अपील की है उसके बारे में बताकर 10 हजार का इनाम पा सकते हैं। संबंधित व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
कलक्ट्रेट कर्मचारी प्रभात तिवारी के बेटे वैभव का अपहरण हो गया था। बाद में बदमाश उसे घायल अवस्था में जसपुरा में फेंककर भाग गए थे। वैभव के गले में चोट होने पर उसके छह टांके लगे थे। वह अभी भी सहमा हुआ है। वैभव की मां गीता ने बताया कि बेटे की देखरेख कर रहे हैं लेकिन रात में अभी भी वह बदमाशों के डर से सपने में बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगता है। उधर, पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति का फोटो जारी किया है। एसपी की तरफ से व्यक्ति की पहचान बताने वाले को 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
बुधवार को पुलिस ने रोडवेज बस अड्डा पहुंचकर बसों में संदिग्ध के पोस्टर लगाए। लोगों को फोटो दिखाकर उसकी जानकारी के लिए लोगों से पूछा। सीओ सदर रवि प्रकाश ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त होंगे।