कुरारा। मनकी कला में तैनात सफाईकर्मी का शव बुधवार की सुबह यमुना में देख ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। मृतक के पिता ने शव की पहचान की। 36 घंटे से एसडीआरएफ की टीम सफाईकर्मी की खोज कर रही थी। पिता ने उसके अपहरण की आशंका की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कानपुर देहात के भिटरिया गांव निवासी राधेश्याम मनकी कला गांव में सफाई कर्मी था। सोमवार को गांव में सफाई करने के बाद अपने गांव वापस जाने के लिए निकला था। छोटी मंकी के पास उसकी बाइक पुल पर खड़ी मिली थी। सुबह गांव के ग्रामीणों ने बाइक खड़ी देखी तो राधेश्याम के परिवारजनों को सूचना दी। मूसानगर व कुरारा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में खोजबीन की थी। बुधवार को सुबह सफाई कर्मी का शव देख छोटी मंकी के ग्रामीणों ने मृतक के परिवारजनों को सूचना दी। मृतक के पिता श्री राम संखवार ने हरोली पुर चौकी इंचार्ज को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पानी से बाहर निकाल कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के भेज दिया। चौकी इंचार्ज अखिलेश प्रसाद ने बताया कि मृतक सफाई कर्मी की जेब से 8000 रुपये, बाइक की आरसी मिली है। राधेश्याम का शव मिलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।