मौदहा में हाईवे पर पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त डंपर।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर पेड़ से टकराकर खंदक में जा गिरा। इससे डंपर के चालक व खलासी की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि न सिर्फ डंपर के ही परखच्चे उड़ गए बल्कि पेड़ भी टूटकर हाईवे पर जा गिरा। इससे कुछ देर के हाईवे पर जाम लग गया।
महोबा जिले के खन्ना थानाक्षेत्र के बहिंगा गांव निवासी चालक अंकित उर्फ चरण सिंह (24) व कबरई क्षेत्र के
सुकौरा गांव निवासी खलासी भूरा डंपर लेकर हमीरपुर से महोबा जा रहे थे। मौदहा कस्बे के राठ तिराहे के पास हाईवे पर मंगलवार तड़के करीब तीन बजे तेज रफ्तार डंपर पेड़ से टकराकर गहरे खंदक में जा गिरा। इससे अंकित और भूरा की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने डंपर में फंसे शवों को किसी तरह बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पाकर चालक व खलासी के रोते बिलखते परिजन भी पहुंचे। उधर, घटनास्थल पर टूटे पेड़ को भी पुलिस ने हटवाकर यातायात सामान्य कराया। कोतवाल पवन कुमार पटेल का कहना है कि हो सकता है कि चालक को झपकी आने से ही हादसा हुआ हो।