राठ के पोस्टमार्टम हाउस में घटना की जानकारी देते मृतका के परिजन
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। दो दिन पहले चारा काटने खेत गई वृद्धा वापस घर नहीं पहुंची। सोमवार सुबह पनवाड़ी रोड स्थित एक स्कूल के पीछे वृद्धा का शव मिला। सांप के काटने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
अतरौलिया निवासी अवध बिहारी ने बताया कि शनिवार शाम उनकी मां जानकी (80) बकरियों का चारा लेने खेत गईं थीं। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। कहीं पता न चला तो कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। सोमवार सुबह पनवाड़ी मार्ग पर बीएनवी इंटर कालेज के पीछे खेत में महिला का शव मिला। पुत्र अवध बिहारी ने सांप के काटने से मौत की आशंका जताई है। मृतका अपने पीछे पुत्र अवध बिहारी व श्याम बिहारी को रोता-बिलखता छोड़ गईं हैं। क्राइम इंस्पेक्टर आरके यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चलेगा।