सरीला। चिकासी थाना पुलिस ने तीन दिन पहले बाइक सवार के साथ हुई लूट का खुलासा कर दिया है। लूटी गई बाइक व तमंचा के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।
मझगवां निवासी अर्जुन पिछले 20 मार्च को उरई से वापस गांव जा रहा था। तभी बेतवा नदी के पुल के पास सड़क किनारे खड़े दो लोगों ने उसे रोका और बाइक लूटकर फरार हो गए थे। अर्जुन की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। थानाध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि लुटेरे क्षेत्र के रंहक मोड़ से निकल रहे हैं। मोड़ पर घेराबंदी कर जगमोहन उर्फ सोनू, प्रवीण, प्रभु दयाल उर्फ चिंटू निवासी नेहरू नगर, थाना मोंठ जनपद झांसी को दबोचा है। मौके से लूटी गई बाइक व 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ है। इनके विरूद्ध मोंठ थाने में राहजनी, लूट सहित अन्य मामले दर्ज हैं।