मुस्करा। रिश्तेदारी में जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बाइक सवार कस्बे के जैतमाल मंदिर मोड़ के पास असंतुलित होकर सड़क किनारे लगी रैलिंग से टकरा गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
भैंसाय गांव निवासी सुरेंद्र (25) ईंट-भट्ठे में रहकर मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने गांव आया था। दोपहर बाद राठ कोतवाली क्षेत्र के गल्हिया गांव निवासी अपने साथी कमल (18) के साथ बाइक से बिना हेलमेट लगाए अपनी मामी की पुत्री के जन्मोत्सव में शामिल होने गुंदेला गांव जा रहा था। जैतमाल मंदिर मोड़ के पास पहुंचे तभी असंतुलित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गए। बाइक चला रहे सुरेंद्र अहिरवार के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। कमल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।