हमीरपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र को ई रिक्शा पर तीन लोग दबोच कर ले जा रहे थे। छात्र के शोर मचाने पर पहुंचे पुलिसकर्मी ने दो आरोपियों को दबोच लिया। आरोपी भी नाबालिग छात्र हैं। पुलिस का कहना है कि एक छात्रा से बातचीत को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। छात्र ने अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की जेल कॉलोनी के पास शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक ई रिक्शा पर तीन लोग एक नाबालिग छात्र को दबोचकर लिए जा रहे थे। जेल के पास रिक्शा पहुंचा तो नाबालिग ने शोर मचा दिया। इस पर जेल के सामने मौजूद पुलिसकर्मियों ने रिक्शा की घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। तीसरा आरोपी और चालक रिक्शा समेत पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
छात्र की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और परिजन पहुंचे। पूछताछ में छात्र ने बेतवा घाट का निवासी होना बताया। पीड़ित छात्र ने बताया कि वह एक छात्रा से बातचीत करता है। एक अन्य छात्र भी उसी छात्रा से बात करता था। उक्त छात्र ने कुछ दिन पहले मुझे छात्रा से बातचीत करने पर मारने की धमकी दी थी। इसी बात को लेकर आज घटना हुई। कोतवाली के एसएसआई सुरेश सैनी ने बताया दो आरोपी नाबालिग छात्रों को कोतवाली लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।