राठ(हमीरपुर)। हरसुंडी गांव में चोरों ने एक ही रात तीन घरों में धावा बोला। तीनों घरों से नकदी व जेवर समेत लगभग पांच लाख का सामान उठा ले गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव निवासी अच्छेलाल ने बताया कि खेती से परिवार का गुजारा करते हैं। बुधवार रात परिजनों सहित घर में सो रहे थे। देर रात घर में घुसे चोरों ने कमरे व वहां रखे दो बक्सों व एक अलमारी का ताला तोड़ दिया।
अच्छेलाल ने बताया कि चोर सोने की जंजीर, चूड़ी, दो अंगूठी, दो सोने के सिक्के, मंगलसूत्र, चांदी का बिछुआ, एक जोड़ी पायल, 11 चांदी के सिक्के, एक जोड़ी तोड़िया सहित 70 हजार रुपये नकद उठा ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई है। सुबह तीन बजे लघुशंका के लिए उठने पर कमरा खुला व सामान बिखरा देख वारदात की जानकारी हुई।
उधर, गांव के ही मुलायम के घर से चोर बक्से का ताला तोड़ कर सोने की जंजीर, चांदी की पायल व 18 हजार रुपये नकद तथा हल्के के घर से ढाई हजार रुपये, दो जाड़ी तोड़ियां व तीन चांदी की चूड़ी चोरी कर लीं। जलालपुर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।