हमीरपुर। कुरारा कस्बे में शनिवार को महिला अकाउंटेंट से डेढ़ लाख की लूट के मामले में सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कुरारा से मूसानगर मार्ग पर दो स्थानों पर मिले सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट न होने से नकाबपोश बदमाशों की पहचान नहीं हो पा रही है।
कुरारा कस्बा स्थित एक मसाला फैक्टरी की अकाउंटेंट हमीदुल तीन जुलाई की दोपहर इंडियन बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकालकर फैक्टरी लौट रही थीं। फैक्टरी गेट के पास पहुंचते ही नकाबपोश बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग गए थे। बदमाश जिस रास्ते से भागे हैं, वहां की एक दुकान का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाला। मगर फोटो स्पष्ट न होने से बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने यमुना नदी के उस पार कानपुर देहात के मूसानगर तक छानबीन की। कुतुबपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। मगर यहां पुलिस के हाथ खाली रहे।
सीओ सदर अनुराग सिंह ने बताया कि खुलासे की लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला अकाउंटेंट की भी कॉल डिटेल के साथ फैक्टरी के अन्य कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।