हमीरपुर/मुस्करा। एसपी ने पुलिस लाइन में सोमवार को करहिया में अवैध असलहा फैक्टरी का खुलासा किया। एसपी यह नहीं बता सके कि आरोपी को कारतूस किसने दिए हैं। उन्होंने कहा कि पता कराएंगे कि अपराधियों तक कारतूस कहां से और किस माध्यम से पहुंच रहे हैं। बता दें पिछले कुछ दिनों में तमंचे के साथ पकड़े गए सभी अपराधियों के पास से कारतूस बरामद हुए हैं।
जनपद की पुलिस ने रविवार को मुस्करा थानाक्षेत्र के कंधौली और मौदहा कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में संचालित अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। सोमवार को एसपी कमलेश कुमार दीक्षित ने करहिया अवैध फैक्टरी के बारे में खुलासा किया। बताया कि करहिया निवासी नत्थू प्रजापति के पास से पुलिस ने 10 तमंचे और 315 बोर व 12 बोर के कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। आरोपी ने कारतूस किस शस्त्र लाइसेंस की दुकान खरीदे हैं, इसकी जानकारी एसपी नहीं दे सके। कहा कि इसकी जांच कराएंगे।
हर आरोपी के पास मिल रहे कारतूस
राठ पुलिस ने मोहल्ला पठनऊ निवासी शानू को तमंचा और 315 बोर के कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। 18 नवंबर को मझगांव पुलिस ने टोला रावत निवासी सुनील नायक को तमंचा और 315 बोर के कारतूस के साथ पकड़ा था। 16 नवंबर को कुरारा पुलिस ने कांशीराम कॉलोनी निवासी अनिल कुमार को तमंचा और 315 बोर के कारतूस के साथ पकड़ा था।