शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देते आए स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। ग्राम पंचायत टिकरौली में मंगलवार को कोविड टीकाकरण के दौरान युवक ने शराब के नशे में धुत होकर टीकाकरण कर रही एएनएम से अभद्रता कर रजिस्टर फाड़ दिया। कोविड वैक्सीन के वायलों को तोड़ दिया। नाराज एएनएम संघ ने बुधवार को पूरे ब्लॉक में कामकाज ठप कर दिया। पीड़ित एएनएम ने संघ कर्मियों के साथ शहर कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
मंगलवार को पीएचसी की एएनएम सीता अन्य कर्मियों के साथ टिकरौली में कोविड टीकाकरण करने गईं थीं। प्रधान संध्या पाल के घर के बाहर टीकाकरण कर रही थी। विनय साहू शराब के नशे में धुत होकर धमका और घर चलकर टीकाकरण करने को कहा। विरोध करने पर अभद्रता की और कोविड रजिस्टर फाड़कर कोविड वायलों में तोड़ दिया। एएनएम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. महेश चंद्रा के साथ यूपी 112 को घटना से अवगत करा मदद मांगी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। खफा होकर बुधवार को एएनएम संघ ने टीकाकरण कार्य का बहिष्कार कर दिया।
पीड़िता के साथ शहर कोतवाली पहुंच युवक के खिलाफ तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की। संघ ने सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को घटना से अवगत कराकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पीएचसी डॉ.अलीम, डॉ.शमा परवीन, संविदा एएनएम संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना राय, मिथिलेश सिंह, रघुवर, मूलचंद, डॉ.अनिल यादव, डॉ.आरके यादव सहित अन्य एएनएम मौजद रहीं। शहर कोतवाल भरत कुमार ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।