हमीरपुर। सुमेरपुर थाना पुलिस की लापरवाही के चलते मोर्चरी कर्मचारी के हाथ भाजपा जिला उपाध्यक्ष के मृत बेटे का मोबाइल लगा था। क्योंकि पुलिस ने घटनास्थल से मृतक के कपड़ों की तलाशी लिए बिना ही शव सीधे मोर्चरी में रखवा दिया था।
कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को जल्लाद हरिश्चंद्र उर्फ हरिया से भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधा चौरसिया के मृत बेटे का मोबाइल बरामद कर परिजन को सौंप दिया था। मामले में पुलिस ने जल्लाद व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है, लेकिन शुक्रवार देर शाम तक उनको कोर्ट में पेश नहीं किया गया है। भाजपा नेत्री के बड़े बेटे जितेंद्र चौरसिया की 21 अक्तूबर को भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए मृतक के कपड़ों की तलाशी लिए बिना शव मोर्चरी में रखवा दिया था। जहां से मोर्चरी कर्मचारी के हाथ मोबाइल लग गया।
जब परिजन को मोबाइल नहीं मिला तो उन्हें मोर्चरी कर्मचारी द्वारा निकालने का शक हुआ था। ट्रेस करने पर मोबाइल की लोकेशन भी पोस्टमार्टम हाउस के पास मिली थी। घटना के 21 दिन बाद मृतक की मां ने मोर्चरी कर्मचारी के घर पहुंचकर मोबाइल मांगा तो देने से इनकार कर दिया। भाजपा नेत्री की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने मोर्चरी कर्मचारी के पास से मोबाइल बरामद किया। मृतक की मां ने बताया कि अभी ब्लू टूथ और बीस हजार रुपये नहीं मिले हैं।
शहर कोतवाली प्रभारी भरत कुमार का कहना है कि मोबाइल मोर्चरी कर्मचारी के पास से बरामद कर गिरफ्तार किया है। मोबाइल मृतक के परिजन को सौंप दिया है। मामले में अभी जल्लाद के खिलाफ कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले ही थाने का प्रभार संभाला है। हादसे के दिन थाने में तैनात नहीं थे। मामले का संज्ञान नहीं है। पंचनामा भरने के दौरान मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गई थी या नहीं इसकी जानकारी नहीं है।
- रामेंद्र तिवारी, एसओ, भरुआ सुमेरपुर