राठ (हमीरपुर)। प्राइवेट बस से ईंट भट्ठे में मजदूरी करने जा रहे एक मजदूर महजौली गांव के पास हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। आनन फानन परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के पिता ने बस चालक के खिलाफ थाना मझगवां में तहरीर दी है।
महोबा के थाना खरेला के टिकरी निवासी बरदानी उर्फ विपिन कुमार अहिरवार (29) पत्नी रामसखी व पुत्र रितिक (4) राजा (3) बेटी देवकुमारी (11 माह) व छोटे भाई रंजीत कुमार के साथ एटा जनपद के आभागढ़ र्इंट भट्ठे में मजदूरी करने प्राइवेट बस से जा रहे थे। रंजीत कुमार ने बताया कि बुधवार शाम अकौना निवासी बहन सोना को साथ लिया। इसके बाद खिरिया से मजदूर बस पर बैठे। रात करीब साढ़े दस बजे नहर के पास बस जैसे ही हाइटेंशन लाइन के नीचे से गुजरी। इसी दौरान एक तार बस में फंस गया। इस पर चालक ने उनके भाई से तार हटाने को कहा। बताया जैसे ही भाई ने बस का गेट खोला तभी करंट की चपेट में आ गया। बताया करंट से झुलसे भाई को सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि बस चालक की लापरवाही से उनके भाई की मौत हुई है। सूचना पर पहुंची मझगवां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता अर्जुन अहिरवार ने बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी रामसखी, मां माया का रो-रो कर बुरा हाल है।