राठ सीएचसी में उपचार कराता घायल युवक
- फोटो : HAMIRPUR
राठ। शराब के नशे में तहसील पहुंचे युवक ने एसडीएम कार्यालय के पास हंगामा किया। ब्लेड से अपना हाथ जख्मी कर लिया। पुलिस उसे सीएचसी में इलाज कराने के बाद कोतवाली ले गई।
नगर के मुगलपुरा मोहल्ला निवासी छुट्टन (35) गुरुवार को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने सीएचसी पहुंचा। वह शराब के नशे में था। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई व्यक्ति आधार कार्ड व पहचान पत्र छीनकर भाग गया। एसडीएम से शिकायत करने तहसील जा पहुंचे। शराब के नशे में धुत होने पर लोगों ने एसडीएम कार्यालय में घुसने से रोक दिया। इस पर युवक ने हंगामा किया। अचानक युवक ने ब्लेड निकाल अपने बांए हाथ को जख्मी कर लिया। हाथ से बहता खून देख तहसील के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के बाद कोतवाली ले गए। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि युवक अधिक शराब के नशे में है। नशा उतरने पर पूछताछ की जाएगी।