हमीरपुर। जलालपुर थानाक्षेत्र के कदौरा गांव में चोर किसान के घर से नगदी व जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दे दी है।
कदौरा गांव निवासी आसाराम ने बताया कि मंगलवार की देर शाम खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए। मंगलवार रात लगभग 2 बजे उनका बेटा सुनील लघुशंका के लिए जागा तो आंगन की दीवार पर एक व्यक्ति को चढ़ा देख कर शोर मचाया इस पर चोर कूदकर भाग गया। अंधेरा होने की वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
कमरे में देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। बक्से में रखी 12 हजार की नगदी, चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र गायब थे। पीड़ित ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दे दी है। थानाध्यक्ष जलालपुर विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिल गई है घटना की जांच की जा रही है।