राठ। कोतवाली क्षेत्र के रौरो गांव में महिला की संदिग्ध हालात में मौत मामले में पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला का शव घर में फांसी पर लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महोबा के चरखारी क्षेत्र के बम्हौरी गांव निवासी कंधीलाल ने बताया कि पांच साल पूर्व पुत्री तिर्मला (30) की शादी रौरो गांव निवासी अरविंद रैकवार के साथ की थी। शादी के बाद ससुराली उनकी पुत्री का दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर एक साल से तिर्मला पिता के घर रह रहीं थीं।
कंधीलाल ने बताया कि करवा चौथ के एक दिन पूर्व दामाद उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। घर ले जाकर उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उनकी पुत्री को भूखा रखा जाता था। दो दिन पूर्व ही तिर्मला ने फोन पर पिता को ससुरालियों के उत्पीड़न की जानकारी दी थी। आरोप लगाया कि सोमवार को ससुरालियों ने उनकी पुत्री के साथ मारपीट की। इसके बाद हत्या कर शव को फांसी पर टांग आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। पिता ने पुत्री के ससुरालियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण ज्ञात होगा।