राठ। शादी का झांसा देकर ढाई लाख रुपये व जेवरात हड़पने के आरोपी फरार हैं। पीड़िता ने जिलाधिकारी व एसपी को शिकायती पत्र भेजते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जरिया थाने के सरीला कस्बे के हटवारा मोहल्ला निवासी विद्यादेवी ने बताया कि राठ के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने दो बेटियों के लिए उनके पुत्रों का रिश्ता मांगा। दोनों लड़कियों की उनके घर जाकर गोदभराई कर दी। जेवरात, कपड़े आदि सामान दिया था। 10 अक्तूबर शादी की तिथि तय हुई थी। शादी से पहले लड़कियों के पिता ने गरीबी का हवाला देते हुए ईंट भट्टों के ठेकेदार से ढाई लाख रुपये पेशगी दिलाने की बात कही। उन्होंने झांसे में आकर पेशगी भी दिला दी।
पीड़िता ने बताया कि बरात की तैयारियों के बीच वधू पक्ष व बिचौलिया घरों से गायब हो गए। महिला का आरोप है कि बिचौलिया ने फर्जी पिता बनकर उनके माध्यम से ढाई लाख रुपये, सोने की अंगुठियां, कपड़े आदि सामान हड़प लिया। पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस मामले में कोई रुचि नहीं ले रही है। (संवाद)