थाना जरिया परिसर में आरोपी लाल घेरे में लेखाकार पुत्तनलाल वर्मा के साथ खड़ी एंटी करप्शन टीम।
- फोटो : HAMIRPUR
सरीला (हमीरपुर)। विकासखंड कार्यालय में लंबे समय से तैनात लेखाकार पुत्तन लाल वर्मा को एंटी करप्शन टीम ने 20 हजार की रिश्वत लेते दबोचा है। आरोप है कि लेखाकार ने पूर्व ब्लाक प्रमुख को मानदेय देने के नाम पर उनके बेटे से रिश्वत मांगी थी। टीम ने तह तक जाने के लिए मामले से जुड़ी फाइलों को बारी-बारी से देखा। वहीं, खंड विकास अधिकारी व अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की है।
पूर्व ब्लाक प्रमुख चंद्र कुमारी का कार्यकाल 11 माह 17 दिन का था। इनके मानदेय का लगभग एक लाख रुपये बाकी था। पूर्व ब्लाक प्रमुख के पुत्र मनीष कुमार ने बताया कि लेखाकार पुत्तन लाल 20 हजार रुपये बतौर सुविधा शुल्क लेने के बाद मानदेय देने पर राजी हुआ था। इससे पहले वह मानदेय दिलाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके थे। बताया कि जब वह परेशान हो गए तो यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के पदाधिकारियों के माध्यम से एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। मंगलवार को वह दोपहर करीब सवा दो बजे लेखपाल को रिश्वत देने खंड विकास कार्यालय गए थे। उन्हें देखते ही लेखपाल ने अलग आकर 20 हजार रुपये जेब में रख लिए। वहां पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को दबोच लिया। बताया कि आरोपी लेखपाल को थाने ले जाने के बाद टीम ने दोबारा ब्लाक परिसर में आकर मामले से संबंधित पत्रावली देखी।
बीडीओ रवि प्रताप चौधरी व अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। इस दौरान टीम प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के साथ महिला कांस्टेबल वीणा सिंह, सूर्य सिंह, इरशाद, निरंजन सिंह, आशीष कुमार व विजय कुमार रहे।
वहीं, कोतवाल राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि एंटी करप्शन झांसी की टीम प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी लेखाकार पुत्तनलाल वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। टीम उसे लेकर लखनऊ चली गई है।
यूटा के सहयोग से एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
यूटा के प्रदेश संयोजक विक्रांत पटैरिया व जिलाध्यक्ष रमाकांत शुक्ला ने बताया कि प्रदेश का 186वां व जनपद का चौथा रिश्वतखोर आरोपी यूटा के प्रयास से पकड़ा गया है। बताया कि पीड़ित मनीष कुमार ने उनसे संपर्क किया और अपनी व्यथा बताई। इस पर उन्होंने एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर सारी योजना बनाई। मंगलवार को लेखाकार को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाया गया है।