मौदहा कस्बे में फरीद की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी करती पुलिस।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा। लखीमपुर में मारे गए किसानों की अस्थि कलश यात्रा निकालने के दौरान कस्बे में मुख्यमंत्री को अपशब्द कहने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते ही गिरफ्तारी शुरू कर दी है। इनमें भाकियू के जिला उपाध्यक्ष रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे किसान नेता सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी फरीद के घर में दबिश दी।
गौरतलब हो कि शनिवार को जिले के मौदहा और राठ क्षेत्र में लखीमपुर में मारे गए किसानों की अस्थि कलश यात्रा निकाली गई थी। कस्बे में भाकियू नेता के साथ कुछ किसान भी अस्थिकलश लिए मुख्यमंत्री को अपशब्द कहते देखे गए। रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठन में आक्रोश गहरा गया। हिंदू संगठन के नेता आशीष ने इस मामले की तहरीर कोतवाली में दी। इस पर पुलिस ने फरीद व रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस मामले में कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि रजा मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। फरीद की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।