सरीला (हमीरपुर)। चिकासी थानाक्षेत्र के इछौरा गांव में शनिवार रात छत पर सो रहे युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह शव उसी के दरवाजे के पास पड़ा मिला। इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
इछौरा गांव निवासी केसरी प्रसाद राजपूत खेती व मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। उनका बड़ा बेटा जगदीश (35) भी उनके साथ खेती में हाथ बंटाता था। शनिवार को उनका बड़ा बेटा छत पर सोने गया था। रविवार सुबह प्रभातफेरी पर निकले ग्रामीणों ने जगदीश का शव दरवाजे के पास पड़ा देखा तो परिजनों को इसकी सूचना दी। मृतक के पिता ने बताया उनके बेटे की हत्या की गई है। बताया गांव के तीन लोग शराब के नशे में शनिवार रात उनके दरवाजे के पास घूम रहे थे। तथा किसी की हत्या करने की चर्चा भी कर रहे थे।
घटना के बाद से मृतक के घर कोहराम मचा है। पत्नी संध्या व बेटे रिशी (15), मोनू (11) व बेटी रेशमा (13) व छोटे भाई विक्रम (28) रो रोकर बेहाल हैं। घटना की सूचना मिलते ही रविवार को सीओ विवेक यादव फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड के सााि पहुंचे और पड़ताल की। एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के सतीश शर्मा, ठाकुरदास व भानुप्रताप के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कहा घटना की बारीकी से जांच कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया है। कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।