राठ/सरीला। जरिया थानाक्षेत्र के कछवाकला गांव में अराजकतत्वों ने मिठाई की दुकान में आग लगा दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाई। दुकानदार ने आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान बताया है।
कछआकला गांव निवासी बृजेंद्र लोधी ने बताया जरिया-पवई लिंक मार्ग पर कछवा मोड़ के पास सड़क किनारे टीन लगाकर मिठाई की दुकान किए हैं। जिससे उनके परिवार का भरण पोषण होता था। उन्होंने बताया सोमवार शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब तीन बजे अराजकतत्वों ने दुकान में कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगा दी। देखते ही देखते दुकान जल उठी।
दुकान में सो रहे उनके पिता आशाराम लोधी ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मी प्रेम नारायण आदि ने आग पर काबू पाया। पीड़ित दुकानदार ने बताया दुकान व उसमें रखा गुटखा, नमकीन, काउंटर, सिलिंडर समेत करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।