राठ। एक वर्ष पूर्व पेट्रोल पंप पर काम करते समय घायल हुए कर्मचारी की एक सप्ताह बाद मौत हो गई थी। मृतक के भाई ने पंप मालिक व संचालक पर जबरन भारी काम कराने व इलाज में सहयोग न करने का आरोप लगाया था। कोर्ट के आदेश पर उक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। चिकासी निवासी नरेंद्र सिंह लोधी ने बताया गांव में राठ-उरई मार्ग पर पेट्रोल पंप संचालित है।
पंप पर उनके छोटे भाई अनिल कुमार काम करते थे। बताया 28 अगस्त 2020 को पंप की चेकिंग के लिए जिला स्तर के विभागीय अधिकारी आए थे। आरोप है जांच के लिए पंप मालिक व संचालक ने उनके भाई से टैंक का भारी ढक्कन जबरन उठवाया। अचानक ढक्कन की प्लेट छूट कर गिरने पर अनिल के पैर का अंगूठा जख्मी हो गया।
अधिकारियों के कहने पर भी पंप संचालक व मालिक ने इलाज नहीं कराया। अनिल ने गांव पहुंच कर प्राइवेट डॉक्टर से इलाज कराया। आराम न मिलने पर उरई में उपचार हुआ। 2 सितंबर को झांसी ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। (संवाद)