राठ। मामा की बरात से लौट रहे भांजे की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा घुसी। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं विवाह वाले घर में युवक की मौत से कोहराम मचा है।
महोबा जिले के थाना पनवाड़ी के लोधीपुरा गांव निवासी प्रिंस ने बताया राठ कोतवाली के बिलरख गांव निवासी उनके मामा अनिल की बुधवार को शादी थी। शादी में शामिल होने वह अपनी मां किरन, बड़े भाई वीरसिंह (19) व बहन सपना, संतोषी के साथ बिलरख गांव आए थे। बुधवार को दोनों भाई मामा की बरात में मझगवां थाने के मचहरी गांव गए थे। शादी संपन्न होने पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे वीरसिंह, प्रिंस अपने मामा विशन के साथ बाइक से बिलरख गांव लौट रहे थे। बाइक वीरसिंह चला रहे थे।
पनवाड़ी मार्ग पर सैदपुर गांव के पास सामने से आ रहे भारी वाहन से बचने में वीरसिंह ने बाइक से संतुलन खो दिया। बताया वह और उनके साथ मामा विशन बाल-बाल बच गए। बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा घुसी। इस दुर्घटना में वीरसिंह घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर आलोक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अविवाहित थे व अपने पिता के साथ गल्ला मंडी में पल्लेदारी का करते थे।