हमीरपुर/सरीला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार को शहर के सरदार पटेल इंटर कॉलेज और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सरीला में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बालकों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिवीजन कीर्ति मिश्रा ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विधिक अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के संबंध में विस्तार से जागरूक किया। शिविर में छात्राओं को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताया गया। प्रधानाचार्य अभय गुप्ता ने विद्यार्थियों से पॉक्सो एक्ट और विधिक अधिकारों से संबंधित सवाल पूछे। इस मौके पर पीएलवी पवन तिवारी, हुमैरा खातून, महिला कल्याण विभाग से शशि तिवारी, आरिफ अहमद, थानाध्यक्ष राकेश यादव, स्नेहा सचान, कान्ति, रिचा समेत छात्राएं मौजूद रहीं।