मौदहा-हमीरपुर। नगर के मराठीपुरा सहित कई मोहल्लों में पीने के पानी की भीषण किल्लत से लोग परेशान हैं। वहीं मराठीपुरा में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। जानकारी होने पर जल संस्थान के कर्मचारियों ने लीकेज तलाशने शुरू कर दिए हैं।
मराठीपुरा मोहल्ले में पाइप लाइन से दूषित पानी आने की शिकायत शनिवार को तहसील दिवस में दर्ज कराई गई। बताया कि ज्यादातर लाइनें नालियों के बीच से होकर गुजरती हैं। जिससे पाइप लाइन जर्जर होने के बाद क्षतिग्रस्त हो गईं। मोहल्ले के सुनील कुमार त्रिपाठी (डंडा गुरू), राजू तिवारी, देवकी नंदन त्रिपाठी, जेके गुप्ता, संजू द्विवेदी व कुलदीप द्विवेदी ने समस्या की शिकायत जल संस्थान में की। जिस पर जल संस्थान के कर्मचारियों ने लीकेजों की तलाश शुरू कर दी है। अधिशासी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि मराठीपुरा मोहल्ले में अधिकांश घरों में जलापूर्ति बाधित होने पालिका के टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। जल संस्थान के कर्मचारी लाइन में लीकेज खोज रहें हैं।