फोटो 02 एचएएमपी 11- गहबरा चौकी के पास भिड़े डंफर और मौजूद राहगीर। संवाद
मौदहा (हमीरपुर)। नेशनल हाईवे-34 पर गहबरा चौकी के आगे बुधवार सुबह दो डंपरों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक डंपर के आगे के टायर फट गए और वाहन करीब 10 मीटर तक घिसटता हुआ सड़क किनारे तिरछा खड़ा हो गया। हादसे में एक चालक डंपर केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी विमल (34) बुधवार सुबह करीब 11 बजे खाली डंपर लेकर कबरई जा रहा था। वह गहबरा चौकी के आगे पहुंचा तभी सामने से आ रहे दूसरे डंपर से भिड़ंत हो गई। दूसरे डंपर को महोबा जिले के कटहरा निवासी करण (32) चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि विमल का डंपर क्षतिग्रस्त हो गया और वह केबिन में फंस गया। आसपास के लोगों ने मशक्कत के बाद चालक को डंपर से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल चालक को एंबुलेंस से कबरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दूसरे डंपर चालक करण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों क्षतिग्रस्त डंपरों को कब्जे में लेकर पुलिस हादसे के कारणों की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।