हमीरपुर। नगर के बस स्टैंड में संचालित सभी प्राइवेट ट्रैवेल्स एजेंसी को जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम व एआरटीओ ने बंद करा दिया। शहर से एक किमी दूर एजेंसी खोलने के निर्देश दिए हैं।
मौजूदा में नगर के बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में प्राइवेट ट्रैवेल्स एजेंसियां संचालित हैं। इन एजेंसियों की संचालित बसें प्रतिदिन दूसरे प्रांतों के कई शहरों के लिए जाती हैं। ज्यादातर एजेंसियां बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हैं। शुक्रवार को इन ट्रैवेल्स एजेंसियों का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर एसडीएम संजय कुमार मीणा ने एआरटीओ भगवान प्रसाद व कर अधिकारी जयसेन के साथ निरीक्षण किया था। जिसमें एक एजेंसी संचालक के पास ही ऑनलाइन जीएसटी रजिस्ट्रेशन मिला था। जिस पर उन्होंने इन एजेंसी संचालकों को एजेंसी बंद कराने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को जिलाधिकारी के आदेश पर एआरटीओ, वाणिज्य कर अधिकारी व एआरएम अकील अहमद ने पुलिस बल के साथ इन सभी प्राइवेट ट्रैवेल्स एजेंसियों को बंद कराते हुए शहर से एक किमी दूर संचालित करने के निर्देश दिए। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने तत्काल एजेंसी के बोर्ड व होर्डिंग्सों को हटवा दिया। एआरटीओ ने बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी एजेंसी को संचालित न करने के निर्देश दिए। कहा दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।