हमीरपुर। चिह्नित स्थान में सब्जी की दुकान न लगाने पर शनिवार को सुभाष बाजार मैदान में सब्जी विक्रेताओं के पुलिस ने तराजू आदि छीन लिए। वहीं वाणिज्य कर अधिकारी के निरीक्षण में खुली मिली एक जूता-चप्पल की दुकान पर दुकानदार बहस करने लगा। पुलिस फोर्स बुलाने पर दुकानदार भाग निकला। वहीं चेकिंग के दौरान महिला आरक्षियों ने महिलाओं को मास्क वितरित कर उन्हें जागरूक किया।
बाजार में भीड़ को कम करने के लिए सुनसान स्थान चौरादेवी मंदिर परिसर के पास खाली पड़े मैदान में सब्जी व फल की दुकान लगाने के लिए जगह को चिह्नित किया गया है। शनिवार को साप्ताहिक बाजार का दिन होने पर कुछ दुकानदारों ने सुभाष बाजार सब्जी मंडी में दुकानें लगा ली। न मानने पर पुलिस ने इनके तराजू व बांट छीन लिए। इसी बीच वाणिज्य कर अधिकारी जयसेन बाजार का निरीक्षण करने आए। जहां एक दुकान खुली मिलने पर पर दुकान खोलने का कारण पूछा। तो बहस होने लगी। इस बीच वाणिज्य कर अधिकारी ने पुलिस फोर्स बुला ली तो दुकानदार भाग निकले।