कुरारा-बेरी मार्ग में जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : HAMIRPUR
कुरारा। बेरी कुरारा मार्ग पर गड्ढों में मौरंग लदा ट्रक फंस जाने से जाम लग गया। एक घंटे तक मार्ग बाधित रहने से तेज धूप में लोगों को काफी दिक्कत हुई। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हुआ।
बेरी गांव में बेतवा नदी से खदान संचालित होने से सैकड़ों ट्रक मौरंग से लोड होकर निकलते हैं। इस मार्ग में भारी भरकम गड्ढे हो जाने से आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। मार्ग से चकोठी, रिठारी, जल्ला, पारा, भैंसापाली, मलहरा , राजन का डेरा सहित एक दर्जन से अधिक गांव के लोगों का आवागमन होता हैं। शनिवार को मार्ग में एक ट्रक फंस गया जिससे जाम लग गया और इसमें रोडवेज बस भी फंसी रही। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कस्बा के वार्ड नंबर 9 के निवासी बलवान सिंह, अरविंद कुशवाहा, राम किशन प्रजापति ने बताया कि इस मार्ग को बरसात होने के पहले भारी भरकम गड्ढों को नहीं भरा गया तो लोगों को चलना मुश्किल हो जाएगा। वही कस्बा में बेरी तिराहे से लेकर जहाज बिल्डिंग तक भारी भरकम गड्ढों में तब्दील हो जाने से लोगों को दिक्कत होती है। लोगों ने जिलाधिकारी सड़क के मरम्मत कराए जाने की मांग की है।