भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। कस्बे के वार्ड-ग्यारह बड़ी अथाई में इस समय लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। जलसंस्थान की लापरवाही से पाइप लाइन से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। नगर पंचायत से सप्ताह में एक-दो बार ही टैंकर भेजा जा रहा है। समस्या का हल न होने से लोग हैंडपंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं।
बड़ी अथाई निवासी राजेश शुक्ला, राजेंद्र नाथ, आशीष शुक्ला, अनिल शुक्ला, महेश लखेरे, संजय मिश्रा, अमरकांत शुक्ला आदि ने बताया मोहल्ला ऊंचाई वाले क्षेत्र में है। जहां जल संस्थान की पाइप लाइन पड़ी है, लेकिन पानी नहीं पहुंचता है। दशकों से क्षेत्र में पेयजल समस्या है। इसकी शिकायत सांसद, विधायक, एमएलसी व नगर पंचायत अध्यक्ष से की जा चुकी है। हालात यह हैं कि लोग एक एक बाल्टी पानी को तरस रहे हैं। नगर पंचायत से सप्ताह में एक-दो बार ही पानी का टैंकर भेजा जाता है। मोहल्ले में दो सरकारी हैंडपंप लगे हैं।
यहां पानी भरने के लिए तड़के ही लोगों की लाइन लग जाती है। जिसमें घंटों इंतजार करना पड़ता है। वार्ड के सभासद शिवाकांत तिवारी ने बताया समस्या गंभीर है। वह जल संस्थान से लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष के समक्ष समस्या रख चुके हैं। मगर किसी ने इसको गंभीरता से नहीं लिया है।
जल संस्थान के कर्मी रोहित चौरसिया ने बताया जिस जगह पर आपूर्ति नहीं पहुंच रही है। वहां की ऊंचाई बहुत अधिक है। इसी वजह से समस्या बनी है। महज दो दर्जन परिवारों के सामने पेयजल संकट है। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी रवि कुमार यादव ने बताया शिकायत मिली है। नगर पंचायत के टैंकर से आपूर्ति कराने के इंतजाम कराए जाएंगे।