कृषि अधिकारी सरस तिवारी को सम्मानित करते डीएम ज्ञानेश्वर त्रिपाठी।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक डीएम डॉ. ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक से बिना बताए अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसडीएम सीएचसी व पीएचसी का निरीक्षण कर रिपोर्ट सीएमओ को दें। भागीरथी योजना में सभी ग्राम पंचायतों में पाइप से पेयजल उपलब्ध कराने के संबंध में जल निगम जल्द फाइनल डीपीआर बनाएं। राठ मार्ग को तेजी से बनाए जाने के लिए सड़क किनारे पेड़ों को वन विभाग शीघ्र कटवाए और विद्युत पोल शिफ्ट कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्डा मुक्त किया जाए।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगने वाली मिट्टी पांच किमी दायरे में आने वाले तालाबों से ही निकालने के निर्देश दिए। गणतंत्र दिवस में उत्कृष्ट झांकी के प्रदर्शन पर कृषि विभाग को प्रथम, एनआरएलएम को द्वितीय व खाद्य एवं रसद विभाग को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर सीडीओ आरके सिंह, पीडी चित्रसेन, सीएमओ डा. आरके सचान, डीडीओ विकास, डीसी एनआरएलएम कमलेश कटियार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।