मौदहा। कस्बा और आसपास के क्षेत्र में खरीफ की फसल की बुवाई हो जाने के बाद अब यदाकदा फसलें दिखाई दे रही हैं। लेकिन तमाम मांगों व प्रयासों के बावजूद भी अन्ना मवेशियों को गोशाला में बंद नहीं किया गया है। जिससे बची फसलें भी नष्ट हो रही हैं। मंगलवार को एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा प्रदेश सरकार ने स्थायी व अस्थायी गोशाला बनवाकर अन्ना मवेशियों को पूरी तरह बंद कराने का इंतजाम किया गया है। जिसके लिए धन भी मुहैया कराया जा रहा है।
जहां पानी, बिजली व चारे का व्यापक प्रबंध है, लेकिन उसके बाद भी सैकड़ों की संख्या में मवेशी सड़कों पर रेलवे स्टेशन, नगर क्षेत्र व ग्रामीण अंचलों में घूम रहे हैं। साथ ही डीएम के आदेश के बाद भी मवेशियों को गोशाला में बंद न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर क्षेत्र में वनरोझों का भी आतंक बढ़ रहा है। इस मौके पर इमामुद्दीन, शरीफ, इदरीश, हमीद, रंगीलाल, जगदीश, रामसुफ़ल मौजूद रहे। (संवाद)