हमीरपुर। गणतंत्र दिवस पर सोमवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। राष्ट्रीय पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गणतंत्र दिवस को लेकर कलक्ट्रेट समेत सरकारी कार्यालयों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है।
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। गणतंत्र दिवस समारोह आज विविध कार्यक्रमों के बीच मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां भी तेजी से शुरू की गईं। बाजार में तिरंगे की मांग अधिक थी। प्रमुख चौराहों पर सजी दुकानों पर नन्हे बच्चों में झंडा खरीदने के प्रति विशेष उत्साह दिखा। तिरंगा टैटू, तिरंगा टी-शर्ट का युवाओं और बच्चों में खासतौर पर क्रेज देखा जा रहा है।
गणतंत्र दिवस को लेकर स्कूल कॉलेजों में तो तैयारियां कई दिन पहले से ही शुरू कर दी गई थी, वहीं इसको लेकर शहर के बाजार भी पूरी तरह से सजे हुए हैं। इस बार बच्चे और युवा भी पारंपरिक तरीकों से कुछ हटकर गणतंत्र दिवस मनाने की ठान चुके हैं। इसी नब्ज को भांपकर विभिन्न कंपनियों ने कई नए उत्पाद बाजार में उतारे हैं। इसमें रेडीमेड तिरंगा टैटू, सिल्क और कॉटन तिरंगा टीशर्ट, तिरंगा हैट, कैप, बैलून, क्रॉस तिरंगा विद वॉच, टेबिल फ्लैग, स्टीकर, पेपर बैच, गाड़ी वाले झंडे आदि शामिल है। रविवार को बाजार में फ्लैग, टी-शर्ट, ब्रेसलेट, स्टीकर, टेबिल फ्लैग, टैटू आदि की खरीदारी को बच्चों व युवाओं की भीड़ रही। इसके अलावा सभी सरकारी भवनों, स्कूलों आदि को तिरंगा लाइटों से सजाया गया। शाम होते ही इन लाइटों से समूचा शहर तिरंगा रोशनी में डूब गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा ने 26 जनवरी को होने वाली परेड को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड का रिहर्सल कराया। सोमवार को आयोजित परेड में महिला टुकड़ी समेत अन्य जवान परेड में मुख्य अतिथि को सलामी देंगी। इसके अलावा वाहनों के दस्ते में डॉग स्क्वायड समेत अन्य दल शामिल रहेंगे। परेड मैदान को रंगोली व झंडों से सजाया गया।
फोटो 25 एचएएमपी 34- पूर्व संध्या पर आकर्षक लाइटिंग से सजा जिला अस्पताल। संवाद
फोटो 25 एचएएमपी 34- पूर्व संध्या पर आकर्षक लाइटिंग से सजा जिला अस्पताल। संवाद