फोटो 09एचएएमपी 17- गहरौली से मुस्करा मार्ग में पानी भरे गड्ढे से निकलते स्कूली बच्चे और सवारिया
- फोटो : 1
गहरौली (हमीरपुर)। गांव को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाला गहरौली-मुस्करा मार्ग पहली ही बारिश में बदहाल हो गया। कई जगह सड़क में गड्ढे हो गए हैं। अलरा गांव के पास इंटरलॉकिंग उखड़ने से जलभराव हो गया। स्कूली बच्चे, मरीज और ग्रामीण रोजाना परेशानी झेल रहे हैं। सड़क पर आए दिन साइकिल सवार और स्कूली रिक्शे पलटने से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
इमलिया से गहरौली होते हुए मुस्करा तक करीब 15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कराया गया था। अलरा गांव के पास इंटरलॉकिंग उखड़ चुकी है जबकि ब्लॉक मुख्यालय से पहले करीब 500 मीटर सड़क पर जलभराव बना रहता है।
इससे राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत अलरा-गौरा गांव में पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब एक किलोमीटर इंटरलॉकिंग उखाड़ दी गई, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
दिवंगत पूरन रामप्रकाश दीक्षित महाविद्यालय के प्राचार्य लोकेंद्र पांडे और आरकेडी इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. संदीप द्विवेदी ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के साथ बच्चों को पानी से भरी सड़क से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। कई बार साइकिल सवार, ई-रिक्शा और स्कूली रिक्शे गड्ढों में फंसकर पलट चुके हैं।